
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हुसैनगंज और चांदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंदिरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पीतल के घंटे-घंटियां, चोरी में प्रयुक्त कटर व पेचकस, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा कानपुर नगर से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश पुत्र जगतपाल निवासी ग्राम अजरईपुर थाना खागा (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सुनसान स्थानों पर स्थित मंदिरों को निशाना बनाकर पीतल के घंटे-घंटियां चोरी करता था। चोरी के दौरान वह कटर व पेचकस का इस्तेमाल करता और चोरी का सामान सुरक्षित स्थान पर छिपाकर बाद में कबाड़ियों को बेच देता था।
पूछताछ में आरोपी ने थाना हुसैनगंज क्षेत्र के रामचन्द्र घाट व कुन्देश्वरपुर स्थित मंदिरों तथा थाना चांदपुर क्षेत्र के बसईपुर मंदिर से पीतल के घंटे-घंटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल 17 पीतल के घंटे-घंटियां, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा कानपुर के रेलबाजार क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चांदपुर की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

