
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम चलती बाइक सवार युवक पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। गोली युवक की गर्दन के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घायल ने अपने साले पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम कुमार सोनी (32), पुत्र महेश कुमार सोनी, निवासी चक बरारी बिलंदा, थाना थरियांव, जनपद फतेहपुर, गुरुवार शाम बाइक से हुसैनगंज की ओर जा रहे थे। आरोप है कि शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ रोड पर बेरागढ़ीवा गांव से पहले ससुरखदेरी नदी के पास चलती बाइक पर उन पर गोली चला दी गई। गोली शुभम की गर्दन के पास से निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई।
घायल शुभम कुमार सोनी ने आरोप लगाया कि उन पर फायरिंग करने वाला उनका साला रोहित सोनी, पुत्र सर्वेश सोनी, निवासी थाना हथगांव, है।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि घायल द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

