फतेहपुर मे गरजे योगी: “माफिया मिट्टी में मिलेंगे”, विकास और कानून-व्यवस्था पर सरकार का दोहराया संकल्प

आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर संवाददाता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोआबा की धरती से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब गुंडाराज और माफियाराज के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, “माफिया मिट्टी में मिलेंगे, उन्हें कोई रोक नहीं पाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पिछड़े जिलों में गिने जाने वाला फतेहपुर आज विकास की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था, जबकि वर्तमान सरकार युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्ति पत्र दे रही है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर के युवा आज अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने फतेहपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी स्मरण किया। उन्होंने राष्ट्रकवि सोहनलाल द्विवेदी और निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह भूमि क्रांतिकारियों, राष्ट्रभक्तों और बलिदानियों की धरती रही है, जिसे अब विकास के नए युग से जोड़ा जा रहा है।
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एफपीओ और जैविक खेती को बढ़ावा देकर फतेहपुर के कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध और माफिया के खिलाफ अभियान बिना रुके चलता रहेगा और प्रदेश में कानून का राज हर हाल में कायम रखा जाएगा।

error: Content is protected !!