
आपकी खबरे न्यूज़,
चित्रकूट, संवाददाता(रामनारायण साहू)।
बहिलपुरवा थाना क्षेत्र में 22 जुलाई 2026 को एक छात्रा के साथ हुए चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। मामले में 50 हजार रुपये का इनामी और फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस का एक आरक्षी भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की विवेचना के दौरान 24 जुलाई को तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे। इनमें जितेंद्र उर्फ भोले पुत्र देवराज पटेल निवासी ग्राम कल्ला, विवेक कुमार पटेल पुत्र नरेश कुमार पटेल निवासी रैपुरवा माफी तथा प्रवीण पटेल पुत्र शिवमूरत निवासी मानपुर (हाल पता कल्ला) शामिल हैं। पीड़िता और उसके साथ मौजूद युवक ने तीनों आरोपियों की फोटो देखकर उनकी पहचान की थी।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक चित्रकूट ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा द्वारा इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई।
शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा पहाड़–हुडा रोड पर घेराबंदी की। शाम करीब 4:50 बजे आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ के दौरान आरक्षी राघवेन्द्र राजपूत भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
चर्चित गैंगरेप प्रकरण में हुई यह कार्रवाई जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिले की पुलिस पूरे मामले की गहन विवेचना के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

