सीएम से मिलने जा रहीं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल हाउस अरेस्ट, ग्रामीण महिलाओं में रोष

आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर, संवाददाता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फतेहपुर जनपद आगमन के दौरान शुक्रवार को सुजानपुर गांव में एक महत्वपूर्ण सामाजिक घटनाक्रम सामने आया। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं तथा किसानों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से रखने जा रही गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल को स्थानीय पुलिस प्रशासन ने उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही संगठन से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में हेमलता पटेल के आवास पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार को रोके जाने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना था कि जनता की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। वहीं, हेमलता पटेल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल क्षेत्र की समस्याओं, किसानों की परेशानियों और छात्रों के मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से रखना था।
घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रहीं। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

error: Content is protected !!