
आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर संवाददाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। कानून-व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और विकास को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में “देख सपाई, बिटिया घबराई” जैसी स्थिति थी, लेकिन अब माफियाओं के लिए केवल दो ही स्थान बचे हैं—जेल या जहन्नुम।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय सैफई सिंडीकेट ने युवाओं की नौकरियों पर डाका डाला और नकल माफिया को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत हैं, जबकि वर्तमान सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही ऐसा सख्त कानून लागू करने जा रही है, जिसके तहत नकल माफिया को 10 वर्ष तक की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की सेवाएं भी समाप्त कर दी गईं। उन्होंने युवाओं के हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर जनपद को ₹489 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, मजबूत कानून-व्यवस्था और युवाओं के सुरक्षित भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।

