
आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर संवाददाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फतेहपुर जनसभा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल की शनिवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, धाता थाना में तैनात हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव (42) मूल रूप से प्रयागराज जिले के दीदारगंज, फूलपुर के निवासी थे। वह पिछले करीब तीन वर्षों से धाता थाना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री के फतेहपुर दौरे के मद्देनजर उन्हें वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी के लिए भेजा गया था।
बताया गया कि सुबह करीब सात बजे थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के पास उनका वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
कर्तव्य पालन के दौरान हुई इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने रामप्रवेश यादव को कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और मिलनसार अधिकारी बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी के लिए जाते समय हुई इस दुर्घटना ने पुलिस विभाग सहित क्षेत्र के लोगों को भी स्तब्ध कर दिया।

