
आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ और जलभराव से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई घरों और दुकानों में पानी भर जाने से लोगों का सामान बर्बाद हो गया है। ऐसे संकट के समय सुषमा स्वरूप इंटरनेशनल स्कूल अशोह पहाड़ी ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान चलाया।
विद्यालय के निदेशक अजय अग्रवाल के निर्देश पर प्रधानाचार्य अपर्णा पाण्डेय के नेतृत्व में विद्यालय की टीम ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर दो सैकड़ा से अधिक जरूरतमंदों को घरेलू उपयोग की सामग्री और पेयजल वितरित किया।
टीम ने अमानपुर, कपसेठी कुशवाहा पुरवा, ग्राम पंचायत चौरा और मारकुंडी क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। राहत किट में टॉर्च, चिमटा, चम्मच, कड़ाही, परात, प्लेट, राशन किट, हाइजीन किट, पेयजल, कंबल, पन्नी, मोमबत्ती, माचिस, बाम, टूथब्रश, टूथपेस्ट और साबुन सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल रही।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अपर्णा पाण्डेय ने बताया कि निदेशक अजय अग्रवाल के निर्देशन में लाला भैरों प्रसाद एजुकेशन ट्रस्ट के सौजन्य से विद्यालय की टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रही है।
निदेशक अजय अग्रवाल ने कहा कि बाढ़ की विषम परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री, कपड़े, दवाइयां, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और समन्वय से राहत सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई।



