जलभराव से पल्लावा अजरौली गांव बेहाल, घरों में घुसा पानी,पूर्व डीआईजी ने लिया जायजा

आपकी खबरें न्यूज,
खागा फतेहपुर संवाददाता।

लगातार हो रही बारिश और जलभराव के चलते खागा विधानसभा क्षेत्र के पल्लावा अजरौली गांव में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की गलियों के साथ कई घरों में पानी भर जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई शौचालयों में पानी भर गया है, जबकि कुछ परिवारों के पास शौचालय की सुविधा नहीं है। ऐसे में उन्हें शौच क्रिया के लिए जंगल की ओर जाना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को भी जलभराव के बीच से होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है। गांव में समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
जलभराव से राहत पाने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर इंजन लगाकर पानी निकालने का प्रयास शुरू किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई कच्चे मकान गिर चुके हैं, जबकि कई परिवार जर्जर और क्षतिग्रस्त मकानों में जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था कराने के साथ प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों की सूचना पर समाजवादी पार्टी के नेता, खागा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस गांव पहुंचे। उन्होंने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी और घरों तक नल कनेक्शन लगाए गए हैं, लेकिन नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामतीर्थ परमहंस ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि समस्याओं से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मामला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि जलभराव, आवास और पेयजल सहित अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
इस दौरान समाजवादी पार्टी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव विजय सिंह विधायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

error: Content is protected !!