
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र की मवई ग्राम सभा के बेला गांव में जलभराव की समस्या से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की गलियों और आने-जाने वाले रास्तों पर पानी व कीचड़ जमा होने से आवागमन प्रभावित है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें इसी कीचड़ और गंदे पानी से होकर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पहले बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो जाती थी, लेकिन अब जल निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण पानी गांव में ही जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जल निकासी के रास्ते पर मकानों और अन्य निर्माण कार्यों के चलते पानी की निकासी बाधित हुई है। एक स्थानीय ग्रामीण ने आरोप लगाया कि जल निकासी के रास्ते में ग्राम प्रधान के करीबी व्यक्ति द्वारा निर्माण कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एक ग्रामीण के अनुसार, शिकायत करने पर प्रार्थना पत्र देने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वोट की राजनीति के चलते उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है।
लगातार जलभराव के कारण गांव में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों को दूषित वातावरण से बीमारियां फैलने का भी डर सता रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से बेला गांव का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल निकासी के अवरुद्ध रास्ते की जांच कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल आता-जाता रहता है, लेकिन गांव के विकास और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराकर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।



