आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में मनीष दुबे हत्याकांड में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस ने घटना के सात दिन बाद बरामद कर ली। पुलिस ने रिवॉल्वर हत्यारोपियों के फुफेरे भाई शैलेंद्र सिंह उर्फ भीम निवासी दुबेपुर, थाना बकेवर के घर से बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद हथियार के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए पुलिस रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात असनी गांव निवासी मनीष दुबे की उसके पुत्र वैभव के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को आलमपुर नरही गांव निवासी शराब दुकान संचालक सगे भाई अमन सिंह और इंद्रेश सिंह उर्फ मनु ने अंजाम दिया था। आरोपियों ने अपनी मां संगीता सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर से मनीष को गोली मारी थी। दोनों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आलमपुर नरही के खेरवा निवासी आशुतोष तिवारी रिवॉल्वर लेकर चला गया था। बाद में उसने रिवॉल्वर शैलेंद्र सिंह उर्फ भीम को दे दी। पुलिस ने शैलेंद्र के कमरे की खूंटी पर लटकी लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली।
पुलिस अब मामले में फरार आशुतोष तिवारी और आरोपियों के कथित संरक्षणदाता चेतन सिंह निवासी घोसियाना, लालगंज रायबरेली की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। दोनों पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



