
आपकी खबरें न्यूज।
फतेहपुर/खखरेरू संवाददाता।
खखरेरू क्षेत्र के कोट गांव में आयोजित हलछठ पर्व के मेले में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दोनों समुदायों ने आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
मेले में विशाल दंगल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। दंगल में दिल्ली, कानपुर, फिरोजाबाद, प्रयागराज और कौशांबी समेत कई जनपदों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच आजमाए। रोमांचक कुश्तियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
दंगल की 11 हजार रुपये की इनामी फाइनल कुश्ती फतेहपुर के पुष्कर सिंह और चित्रकूट के पुनीत पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। काफी देर तक चले रोमांचक मुकाबले में कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका और कुश्ती बराबरी पर छूट गई।
मेले में लोगों ने पर्व का आनंद लेने के साथ दंगल का भी जमकर लुत्फ उठाया। इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष मतीन खान सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



