
आपकी खबरें न्यूज,
धाता फतेहपुर संवाददाता।
किशनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के परसिद्धपुर गांव में चोरों ने एक घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घटना के दौरान परिवार के लोग बिजली न होने के कारण घर के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहे थे। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई तो परिवार में हड़कंप मच गया।
परसिद्धपुर निवासी राजीव कुमार मिश्र पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि उनके परिवार के पास रहने के लिए एक ही कमरा है। बीती रात बिजली न होने के कारण वह अपनी पत्नी, दो बेटों और छोटे भाई संजीव कुमार मिश्र के साथ कमरे के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहे थे। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे की पिछली दीवार में सेंध कटी मिली।
पीड़ित के मुताबिक, कमरे के अंदर रखा उनकी पत्नी का सूटकेस भी गायब था। उसमें करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश शुरू की। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खेत में चोरी किया गया सूटकेस और कुछ कपड़े पड़े मिले, जबकि आभूषण व नकदी गायब थी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पिछले करीब चार वर्षों में इसी घर में चोरी की यह चौथी वारदात है। लगातार चोरी की घटनाओं से परिवार में दहशत का माहौल है। घटना की लिखित सूचना धाता थाना की किशनपुर पुलिस चौकी में दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।



