
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के जमरावा गांव में बारिश के बाद रास्तों की हालत बदहाल हो गई है। गांव की गलियां और मुख्य आवागमन वाले रास्ते कीचड़ से पटे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को मजबूरी में कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
बारिश के कारण रास्तों पर जगह-जगह पानी जमा है और कीचड़ के चलते पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलनिकासी और रास्तों की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से बारिश के मौसम में हर वर्ष ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है।
मौके पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रमोद कुमार साहू भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या का जायजा लिया और गांव की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से रास्तों की मरम्मत कराने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन के साथ-साथ संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।



