जनता की समस्या पर तत्काल पहल, चोक नाली की सफाई से ग्रामीणों को राहत

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज कस्बे के दुर्गा चौराहा क्षेत्र में नाली चोक होने के कारण लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को गुरुवार को राहत मिल गई। भागीदारी पार्टी (पी) के जिला उपाध्यक्ष शशांक मिश्रा की पहल पर ग्राम पंचायत द्वारा तत्काल सफाई अभियान चलाकर नाली की सिल्ट और कचरा हटाया गया।
जानकारी के अनुसार दुर्गा चौराहा पर अशोक दीक्षित के घर से डॉक्टर रामप्रसाद सविता के घर तक जाने वाली नाली काफी समय से गंदगी और कचरे के कारण चोक पड़ी थी। नाली का पानी निकासी न होने से आसपास जलभराव की स्थिति बनी रहती थी, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने समस्या की जानकारी भागीदारी पार्टी (पी) के जिला उपाध्यक्ष शशांक मिश्रा को दी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए हुसैनगंज ग्राम पंचायत सचिव शिव बीर साहू से फोन पर वार्ता कर तत्काल सफाई कराने का अनुरोध किया। सचिव के निर्देश पर सफाई कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और नाली की सफाई शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में नाली से सिल्ट व कचरा हटाकर जल निकासी सुचारु करा दी गई।
इस मौके पर शशांक मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गरीब, जरूरतमंद और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे।
सफाई अभियान के दौरान हर्ष साहू, अशोक दीक्षित, अजय, मोनू, राजकुमार, राम प्रसाद सविता समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नाली की सफाई होने पर राहत जताते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

error: Content is protected !!