बालिका वॉलीबॉल टीम ने रचा इतिहास,अब प्रयागराज में दिखाएंगी प्रतिभा

आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।

पहाड़ी विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौरा की बालिका वॉलीबॉल टीम ने मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता हमीरपुर में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही टीम ने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपना स्थान पक्का कर लिया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रयागराज स्थित सीएबी इंटर कॉलेज में 24 से 27 सितंबर तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए टीम बुधवार को चित्रकूट स्टेशन से इंटरसिटी ट्रेन के माध्यम से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
बालिका खिलाड़ियों की उपलब्धि से उत्साहित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिला व्यायाम शिक्षक दयानंद सिंह को टीम की सभी बालिकाओं को एक-एक खेल किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही सभी खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। इस दौरान शिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
टीम के साथ प्रभारी सुरेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौरा, सहायक अध्यापिका राजेश्वरी सिंह एवं रंजन सिंह भी प्रयागराज के लिए रवाना हुए। खिलाड़ियों को विदाई देने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए जिला व्यायाम शिक्षक दयानंद सिंह तथा ब्लॉक व्यायाम शिक्षक पहाड़ी राम नारायण साहू चित्रकूट स्टेशन पहुंचे।
इस मौके पर व्यायाम शिक्षक श्रीकेशन एवं श्याम सुंदर यादव, सहायक अध्यापक हरि किशोर दीक्षित, कार्यालय सहायक वरिष्ठ बाबू संदीप सिंह, हर्ष जायसवाल सहित अन्य शिक्षक और सभी खिलाड़ी छात्राएं मौजूद रहीं।

error: Content is protected !!