
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
भिटौरा चौकी क्षेत्र के भोलापुर गांव में खेत की रखवाली के लिए लगाए गए कंटीले तारों में एक हिरण रात के समय फंस गया। रातभर तारों में फंसा हिरण हिल-डुल नहीं सका। सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तार काटकर उसकी जान बचाई।
ग्रामीणों के अनुसार जंगली जानवरों और नीलगाय से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के चारों ओर कंटीले तार लगाए जाते हैं। इसी दौरान रात में एक हिरण तारों में फंस गया। सुबह केले के खेत में पहुंचे ग्रामीणों ने उसे तड़पते देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तार काटकर हिरण को मुक्त कराया।
तार में फंसने से हिरण के शरीर पर चोटें आई थीं। ग्रामीणों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और कुछ समय तक उसकी देखभाल की। स्वस्थ होने के बाद ग्रामीणों ने हिरण को जंगल की ओर छोड़ दिया। आजाद होते ही हिरण तेजी से जंगल की तरफ दौड़ गया। ग्रामीणों के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



