
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड से पूर्व शुक्रवार को भव्य ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह पूर्वाभ्यास पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
परेड ग्राउंड में आयोजित रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन और आकर्षक कदमताल का प्रदर्शन किया, जिसकी एसपी ने सराहना की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड की व्यवस्थाओं, वर्दी की सुसज्जा, मार्चिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे मुख्य पासिंग आउट परेड कार्यक्रम सफल एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को देश सेवा एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसकर्मी बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं प्रशिक्षण स्टाफ मौजूद रहे।


