सड़क सुरक्षा पर सख्ती, प्रवेश द्वार पर लगेगा बड़ा साइनेज बोर्ड

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एनएचआई कानपुर को निर्देशित किया कि कानपुर से प्रयागराज जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर फतेहपुर के प्रवेश द्वार पर बड़ा साइनेज बोर्ड स्थापित किया जाए, जिससे यात्रियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सकें। वहीं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप एवं साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूली वाहन चालकों का शत-प्रतिशत नेत्र परीक्षण कराने तथा प्रमाण पत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाले किसी भी स्कूली वाहन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने आरटीओ एवं पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्यवाही प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से संचालित करने के निर्देश देते हुए गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही बरतने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों में समाजसेवियों की सहभागिता बढ़ाने और विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। इसके अलावा वाहन चालकों एवं फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स-स्कूल, कॉलेज, ढाबा, टोल प्लाजा तथा पेट्रोल पंप कर्मियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में गठित जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) टीम संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करे। साथ ही सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर एवं व्हाइट लाइन पेंटिंग का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए।
बैठक में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लब एवं परिवहन समितियों की नियमित बैठक आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात विभाग, एनएचआई के अधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!