
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की प्रमुख कानून-व्यवस्था एवं यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने डलमऊ के इस पार फतेहपुर सीमा क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में बताया कि फतेहपुर-डलमऊ मार्ग पर इन दिनों यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। भारी ट्रैफिक के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र दूसरे जनपद की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती इलाके में विशेष निगरानी की आवश्यकता है। साथ ही हुसैनगंज थाना परिसर के बाहर लंबे समय से खड़े ट्रकों के कारण जाम की समस्या भी बनी रहती है, जिससे आमजन को आवागमन में दिक्कत होती है।
ब्लॉक प्रमुख ने मांग करते हुए कहा कि डलमऊ गंगापुल के इस पार फतेहपुर सीमा की ओर एक नई पुलिस चौकी स्थापित किए जाने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


