
आपकी खबरें न्यूज,
कानपुर देहात संवाददाता।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्षों तथा सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का सपना ऐसे समाज के निर्माण का था, जहां जाति, धर्म, लिंग या किसी भी आधार पर भेदभाव न हो।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान संविधान की भावना, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने, अनावश्यक हिंसा से बचने तथा सभी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।


