
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
असोथर थाना क्षेत्र में खेत पर काम करते समय हुए हादसे में एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के मेदुआपुर गांव में किसान अपने खेत में गेहूं लादने का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में क्षमता से अधिक गेहूं भर दिया गया था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे के दौरान किसान वहीं मौजूद था और ट्रॉली के नीचे दब गया।
घटना होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।


