
आपकी खबरें न्यूज,
जहानाबाद फतेहपुर संवाददाता।
बकेवर थाना क्षेत्र के पल्थाहार कंधरपुर गांव में सोमवार शाम ट्रैक्टर से रोटावेटर हटाते समय हुए हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पल्थाहार कंधरपुर निवासी 35 वर्षीय करण पुत्र फगुआ सोमवार शाम करीब छह बजे ट्रैक्टर से रोटावेटर खोल रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का गियर लग गया और वाहन आगे बढ़ गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में करण रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से कट गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल करण को कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करण की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी छोटी, दो वर्षीय पुत्र कार्तिक और 15 वर्षीय पुत्री ज्योति को छोड़ गया है। करण खेती-बाड़ी और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गांव में घटना के बाद मातम का माहौल बना हुआ है।



