डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर हुसैनगंज में निकली भव्य शोभा यात्रा, गूंजे जय भीम के नारे

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज कस्बे में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेते हुए बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने एक-एक कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को याद किया। इस दौरान पूरा वातावरण “जय भीम” के नारों से गूंज उठा।
कस्बे के नोखे राव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने शिक्षा को जीवन का मूल आधार बताते हुए युवाओं से शिक्षित, संगठित और जागरूक बनने की अपील की। साथ ही सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।
जयंती के उपलक्ष्य में हुसैनगंज के छेउका मोहल्ले से विशाल एवं आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में सजी-धजी झांकियां, बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा पीसीपी इंटर कॉलेज, कैथपुरवा, औढ़ेरा मोड़, थाना हुसैनगंज, पुरानी बाजार और दुर्गा चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तथा पुनः छेउका पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को बाबा साहब के जीवन संघर्ष एवं उनके विचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।


सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पूरे आयोजन ने हुसैनगंज क्षेत्र में सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया।

error: Content is protected !!