तेज रफ्तार कार बिजली पोल से टकराकर गेहूं के खेत में पलटी, चालक बाल-बाल बचा

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
खागा, फतेहपुर संवाददाता।

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर सेमौरी गांव के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के बाद गेहूं के खेत में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ग्रामीणों को किसी बड़ी जनहानि की आशंका हो गई, लेकिन चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पहले विद्युत पोल से टकराया और फिर खेत में जा पलटा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
गनीमत रही कि दुर्घटना के समय विद्युत आपूर्ति बंद थी। यदि बिजली चालू रहती तो टूटे हुए पोल के कारण आसपास खड़ी सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल में आग लगने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पोल को दुरुस्त करने के साथ विद्युत आपूर्ति बहाल करने के कार्य में जुट गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराने के बाद खेत में पलट गई थी। हादसे में कोई घायल या मृतक नहीं है। उन्होंने बताया कि अब तक किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, जिससे वाहन और चालक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है, हालांकि संयोगवश बड़ा नुकसान टल गया।

error: Content is protected !!