
आपकी खबरें न्यूज,
हथगाम फतेहपुर संवाददाता।
हथगाम थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव में मटर तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो दबंगों ने एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। गांव निवासी सीमा देवी पत्नी रामप्रसाद ने हथगाम थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने खेत में मटर तोड़ रही थीं। इसी दौरान उनके पारिवारिक जेठ शिवदत्त पुत्र मैकू तथा उसका भांजा चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे और मटर तोड़ने से मना करने लगे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने सीमा देवी व उनके पति के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की।
पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान दोनों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वह थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। सीमा देवी ने आरोप लगाया कि थाना स्टाफ द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और यह कहकर टाल दिया गया कि पुलिस मौके पर भेजी जा रही है।
पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


