
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुल्हन के माता-पिता सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार पिलखनी गांव निवासी रामफल दिवाकर की पुत्री के विवाह समारोह के लिए घर के बाहर पंडाल लगाया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आकर शिवबरन पुत्र वृंदा प्रसाद (30 वर्ष), रामफल पुत्र शिवचरण (50 वर्ष), शैलेश पुत्र ललित कुमार (35 वर्ष) तथा गंगा पत्नी रामफल (46 वर्ष) झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से चार लोग झुलस गए हैं, जिनमें दुल्हन के माता-पिता भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद विवाह समारोह का माहौल मातम में बदल गया और परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।


