ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर, पीआरडी जवान की मौके पर मौत

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छिउलहा रोड पर इण्डेन गैस एजेंसी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीआरडी जवान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हुसैनगंज कस्बे के छेंउका निवासी धर्मेंश सिंह के रूप में हुई है। धर्मेंश सिंह पीआरडी जवान के पद पर तैनात थे और हथगांव थाना क्षेत्र छिउलहा चौकी में ड्यूटी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही वह छिउलहा रोड पर इण्डेन गैस एजेंसी के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि धर्मेंश सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!