अजय राय के बयान पर सरोजनीनगर में उबाल, हजारों लोगों ने किया पुतला दहन

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
लखनऊ सरोजनीनगर।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को क्षेत्र में व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर अजय राय का पुतला दहन किया तथा जोरदार प्रदर्शन करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि 5,000 से अधिक लोग इस विरोध में शामिल हुए। शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक मार्च निकालते हुए लोगों ने “अजय राय होश में आओ”, “अजय राय मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।
डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्थन में एकत्रित जनसमूह ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विधायक की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक माफी नहीं दी गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच भी प्रदर्शन जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह की ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ छवि से घबराकर राजनीतिक टिप्पणी की जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विधायक ने अपने पूर्व प्रशासनिक कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई की थी। इस दौरान भाजपा नेता शंकरी सिंह, राजेश सिंह, रमा शंकर त्रिपाठी, कर्नल दयाशंकर दुबे, गणेश जोशी, रंजीत रावत, सुनील रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। समाचार लिखे जाने तक अजय राय या कांग्रेस पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी।

error: Content is protected !!