
आपकी खबरें न्यूज,
सरोजनी नगर, लखनऊ।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरोजनी नगर क्षेत्र के खुरदही बाजार में साप्ताहिक बाजार लगाने वाले छोटे व खुदरा व्यापारियों को कंबल एवं कैलेंडर का वितरण किया गया। यह कंबल व कैलेंडर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। खुरदही बाजार में हसनपुर खेवली, अहमामऊ, देवा मऊ एवं बगिया मऊ से आने वाले छोटे व्यापारी प्रतिदिन अपनी आजीविका के लिए दुकान लगाते हैं। ठंड के इस मौसम में कंबल पाकर व्यापारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकी।
इस अवसर पर खुरदही बाजार खुदरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू शुक्ला एवं सोशल एक्टिविस्ट रीना त्रिपाठी ने अन्य सदस्यों लालू यादव, दिनेश, रोहित रावत, राहुल शर्मा, लकी रावत एवं शिव बालक प्रजापति के साथ मिलकर कंबल वितरण का कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान रीना त्रिपाठी ने उपस्थित व्यापारियों को सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं कई बुजुर्ग महिला व पुरुषों ने राम रथ यात्रा में शामिल होकर अयोध्या धाम के दर्शन की इच्छा भी व्यक्त की।
खुदरा व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू शुक्ला ने कहा कि गरीब व छोटे व्यापारियों को ध्यान में रखते हुए माननीय विधायक द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। कंबल पाकर बुजुर्ग महिला-पुरुषों और व्यापारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर संपूर्ण खुरदही बाजार खुदरा व्यापार मंडल ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।


