
आपकी खबरे न्यूज,
लखनऊ/सोनभद्र संवाददाता।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सोनभद्र जिले की दुद्धी विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि विजय सिंह गोंड लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई थीं, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए SGPGI लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। सपा विधायक के निधन की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ पीजीआई के लिए रवाना हो गए। विजय सिंह गोंड के निधन से न सिर्फ सोनभद्र बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। विजय सिंह गोंड दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से लगातार आठ बार विधायक चुने गए और क्षेत्र के आदिवासी समाज सहित आम जनता के बीच उनकी गहरी पकड़ रही। उनके निधन को समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


