
आपकी खबरे न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
हथगाम थाना क्षेत्र के खासमऊ निवासी तीन सगे भाइयों ने पैतृक भूमि पर फर्जी बैनामा कर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्यायिक जांच एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित नियाजउद्दीन, सदरउद्दीन व साहबउद्दीन पुत्रगण मजहर का कहना है कि उनकी पैतृक भूमि गाटा संख्या 641, रकबा 0.340080 हेक्टेयर, जो नेशनल हाईवे जीटी रोड के किनारे स्थित एक बहुमूल्य वाणिज्यिक भूमि है, को साजिश के तहत हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि साहबउद्दीन मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं, जिसका फायदा उठाकर अब्दुल कादिर पुत्र शाहिद खान ने धोखाधड़ी करते हुए उससे फर्जी बैनामा करा लिया। इस मामले को लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन फतेहपुर की अदालत में वाद संख्या 288/2025 पहले से ही विचाराधीन है। पीड़ितों का आरोप है कि नामांतरण में आपत्ति दर्ज कराने के बाद दबंगई के चलते अब्दुल कादिर ने उक्त भूमि का दोबारा बैनामा पवन कुमार पाण्डेय पुत्र शिवदत्त पाण्डेय के पक्ष में कर दिया, जो कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त भू-माफिया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि दोनों आरोपी मिलकर उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार अब्दुल कादिर व पवन कुमार पाण्डेय होंगे।
जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।



