दुल्हन की मांग को लेकर युवक चढ़ा पानी की टंकी, पुलिस ने समझा-बुझाकर उतारा

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
बदायूं संवाद सूत्र।

नूरपुर पिनौनी में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक शादी कराने की मांग को लेकर करीब 30 फुट ऊंची पानी की टंकी के स्टैंड पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। घटना को देखकर लोगों को फिल्म शोले का चर्चित दृश्य याद आ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हरप्रसाद मौर्य पुत्र मुन्नालाल मौर्य अचानक नूरपुर पिनौनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर पहुंचा और वहां बनी पानी की टंकी के स्टैंड पर चढ़ गया। उस समय स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. कुसुम जैन मरीजों को देख रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल नूरपुर पिनौनी चौकी पुलिस को सूचना दी।
टंकी के स्टैंड पर चढ़कर हरप्रसाद जोर-जोर से चिल्लाने लगा और शादी कराने की मांग करते हुए ऊपर से कूदने की धमकी देने लगा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज हरिमोहन सिंह ने काफी देर तक युवक को समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।
ग्रामीणों के अनुसार, हरप्रसाद मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज भी पूर्व में चल चुका है। बताया गया कि करीब छह वर्ष पहले रोजमर्रा के पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। उसका एक बेटा है, जो फिलहाल हरप्रसाद के साथ ही रहता है। हरप्रसाद मजदूरी के सिलसिले में बाहर जाता रहता है और हाल ही में जालंधर से लौटा है।
पुलिस ने युवक को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया और परिवार से उसका विशेष ध्यान रखने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। चौकी इंचार्ज हरिमोहन सिंह ने बताया कि युवक को समझाकर घर भेज दिया गया है और उसके परिजनों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
कपड़े धुलवाने के लिए चाहिए घरवाली
पुलिस द्वारा पूछे जाने पर हरप्रसाद ने बताया कि वह पिछले दस दिनों से वही गंदे कपड़े पहने हुए है और उन्हें धोने वाला कोई नहीं है। उसने कहा कि जब सबकी पत्नियां हैं तो उसे भी पत्नी चाहिए। पुलिस ने उसे समझाया और परिजनों के साथ घर भिजवा दिया।

error: Content is protected !!