
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज विधानसभा के आस्था केंद्रों के लिए बड़ी खुशखबरी-प्राचीन रहिमाल बाबा मंदिर के विकास हेतु 1.50 करोड़ और गोधरौली स्थित गोधनदेव मंदिर के लिए 1 करोड़ की भारी-भरकम स्वीकृति सरकार ने प्रदान कर दी है। पूर्व मंत्री रणवेंन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह की पहल पर शासन की मुहर लगते ही इन दोनों धार्मिक स्थलों के व्यापक सांस्कृतिक विकास का रास्ता साफ हो गया है।
रहिमाल बाबा मंदिर, जहां हजारों श्रद्धालुओं की आस्था शताब्दियों से जुड़ी है और जहां भक्त विवाह व अन्य मांगलिक आयोजन भी सम्पन्न करते हैं, अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर भव्य स्वरूप लेने को तैयार है। राज्य पर्यटन विकास निगम ने मंदिर विकास की डीपीआर तैयार करने हेतु डिजाइन, नक्शा व तकनीकी विवरण मांगे हैं। डीपीआर फाइनल होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा। इसी प्रकार गोधरौली स्थित गोधनदेव मंदिर के कायाकल्प हेतु स्वीकृत 1 करोड़ रुपये से पर्यटन निगम आकर्षक योजना तैयार कर रहा है। दोनों ही परियोजनाओं से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की संभावना है।
पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह ने बताया कि यह आस्थावान जनता की वर्षों की मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान में लेकर मंजूरी दे क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है।


