

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर (जसवन्त विश्वकर्मा)।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-335 पर चंदीपुर और सरैला गांव के बीच बुधवार को ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार असनी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ की पत्नी शबनम (35) और उनकी पुत्री इलमा (16) कक्षा नौ की छात्रा थी। वह गांव स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। बुधवार को दोनों सौरभ मौर्य (22) पुत्र चंद्रगुप्त मौर्य के साथ मोहम्मद शरीफ की ससुराल ललौली थाना क्षेत्र के कुम्हरवा गांव में निमंत्रण में शामिल होने जा रही थीं।
सौरभ के परिजनों के मुताबिक सौरभ घर में किसी को बिना बताए धनतेरस पर खरीदी गई नई अपाचे बाइक से दोनों को लेकर निकला था। बताया जा रहा है कि चंदीपुर और सरैला गांव के मध्य पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद तीनों के शव ट्रेलर में फंस गए और करीब 15 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर असनी चौकी पुलिस और थाना प्रभारी निरीक्षक दीप नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी विवेक शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हाईवे टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
