वन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, एसपी के आदेशों की अनदेखी का आरोप

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर‌संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र में वन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अवैध रूप से हरे-भरे पेड़ों की कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। भिटौरा और असनी चौकी क्षेत्र से लेकर जमरावा, मवई और बेरागढ़िवा तक खुलेआम पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग और स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते माफिया बेखौफ होकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फलदार और छायादार पेड़ों का हो रहा सफाया
एक तरफ प्रदेश सरकार हर साल लाखों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चला रही है, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र में माफिया इस मुहिम पर पानी फेरने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद आम, महुआ, जामुन, नीम, पीपल, इमली और कटहल जैसे कीमती और फलदार पेड़ों को भी धड़ल्ले से काटा जा रहा है।
सूचना के बाद भी कार्रवाई नहीं, रफा-दफा हो रहे मामले
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि पेड़ों की अवैध कटान की सूचना समय पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी जाती है, लेकिन जिम्मेदार समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते। आरोप है कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। इसी ढुलमुल रवैये के कारण लकड़ी माफियाओं में प्रशासन का कोई खौफ नहीं बचा है।
उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग
लगातार हो रही हरे पेड़ों की कटाई से क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों ने पुलिस अधीक्षक और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कटान पर तत्काल रोक लगाने और लापरवाह कर्मियों व माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!