

आपकी खबरें न्यूज,
पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
पहाड़ी स्थित आराधना गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव तथा वीरांगना झलकारी बाई की संयुक्त जयंती के अवसर पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजाबाबू यादव ने की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा के वरिष्ठ नेता डीपी कोटार्य ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को सामाजिक न्याय का अग्रदूत बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। वहीं वीरांगना झलकारी बाई को झांसी की लड़ाई की प्रमुख योद्धा बताते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजाबाबू यादव ने कहा कि सभी समाजवादी सिपाही एकजुट होकर वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जुटें। तभी नेताजी के विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना तथा उनकी जयंती मनाना सार्थक होगा।
उत्तरी सोसाइटी पहाड़ी के पूर्व अध्यक्ष भागवत यादव ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई की वीरता और पराक्रम की गाथा इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। वहीं नेताजी मुलायम सिंह यादव का नारा था कि रोजी-रोटी सस्ती होगी और दवा-पढ़ाई मुफ्त होगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर ही इस संकल्प को साकार करने की दिशा में काम आगे बढ़ सकेगा।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रामप्यारे सिंह, इंद्रसेन पटेल, संजय यादव, रामशरण यादव, धनंजय सिंह चौहान, शशांक वर्मा सहित करीब आधा सैकड़ा समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र सभा के जिला प्रवक्ता महेश यादव विद्रोही ने किया।
