

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
पशु क्रूरता और अवैध मवेशी परिवहन के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मंगलवार दोपहर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सातमील चौराहे पर शिव शक्ति अखाड़ा के कार्यकर्ताओं ने मवेशियों से भरी एक आयशर गाड़ी को रुकवाकर पुलिस के हवाले कर दिया। वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरे जाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार शिव शक्ति अखाड़ा के नरेन्द्र हिंदू अपने साथियों के साथ सातमील चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान संदेह होने पर उन्होंने आयशर गाड़ी संख्या यूपी 35 टी 7433 को रुकवाया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें मानकों के विपरीत मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तत्काल हुसैनगंज पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक दीप नारायण ने पुलिस बल के साथ वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं नरेन्द्र हिंदू और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पशुओं का अवैध परिवहन दिन-रात बेखौफ होकर किया जा रहा है। परिवहन के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी से मवेशियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पशु क्रूरता और अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
