अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर,महिला की मौत, पिता-पुत्री गंभीर

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर/खखरेरू संवाददाता।

खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और 16 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
थरियांव थाना क्षेत्र के कोरां गांव निवासी चन्द्रशेखर रैदास (52) अपनी पत्नी वंदना देवी (48) और पुत्री अनीता (16) के साथ बाइक से बसवा गांव में रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही परिवार बसवा रोड स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वंदना देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चन्द्रशेखर और उनकी पुत्री अनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची खखरेरू पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!