
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
-घर के दरवाजे पर भरा गंदा पानी, बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल।
-तालाब का पानी बना आफत, घरों में घुसा पानी; बच्चे जोखिम भरे रास्ते से जाने को मजबूर।
-पानी से घिरे घर, खतरे में बच्चों का सफर; छेउका हुसैनगंज में जल निकासी की दरकार।
-गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, जरा सी चूक से हो सकती है अनहोनी।
भिटौरा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत छेउका हुसैनगंज में तालाब से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी घरों में घुस गया है। जलभराव और गंदगी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पीड़ित परिवारों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।
पीड़ित रमेश, राजेंद्र कुमार और पवन ने बताया कि तालाब का पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण उनके घरों के आसपास भर गया है। रास्ते पर भी गंदा पानी जमा है, जिससे आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों को स्कूल जाने में हो रही है। बच्चों को गंदे और फिसलन भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में जरा सी चूक होने पर बच्चे गिरकर घायल हो सकते हैं और बड़ी अनहोनी हो सकती है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान से तालाब के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने उनसे कहा कि “यह कार्य हम नहीं करा सकते, उच्च अधिकारियों से शिकायत करें, वही इसका कार्य करा सकते हैं।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर तालाब से पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था कराई जाए, ताकि घरों में घुस रहे पानी और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके तथा स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित हो सके।



