
आपकी खबरें न्यूज,
सरोजनीनगर लखनऊ।
क्रिएटिव कान्वेंट कॉलेज, शांतिनगर में मंगलवार को मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर अभिषेक कुमार सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। एसडीएम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सीख दी।
एसडीएम ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए मेहनत के साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी है। विद्यार्थी शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके परिश्रम के साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेधावियों को अपनी उपलब्धियों से प्रेरणा लेते हुए आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के साथ समाज के लिए उपयोगी कार्य करने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं। उनसे घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। शिक्षा को केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित न रखकर ज्ञान और कौशल के विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है।
ज्ञान के साथ संस्कार जरूरी
कॉलेज के चेयरमैन इंजीनियर योगेंद्र सचान ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ज्ञान, कौशल और संस्कार के साथ उनका सर्वांगीण विकास जरूरी है। कॉलेज की ओर से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए शैक्षिक गतिविधियों के साथ विभिन्न रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
समारोह में पारस नाथ मेमोरियल के संस्थापक राव अजीत सिंह, कॉलेज के शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रबंध निदेशिका ऋषिका सचान ने किया।



