तीन साथियों पर लगाया था लूट और धारदार हथियार से हमले का आरोप, पुलिस जांच में नहीं हुई लूट की पुष्टि

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

सोशल मीडिया पर लकड़ी ठेकेदार से तीन लोगों द्वारा लूटपाट करने और चाकू व बांके से हमला कर घायल करने की वायरल खबर की पुलिस ने जांच की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में लूटपाट की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मामला शराब के अत्यधिक नशे में आपसी कहासुनी के बाद हुई मारपीट का सामने आया है।
पुलिस के अनुसार एक अक्टूबर की शाम करीब सात बजे असनी गांव निवासी राजा सोनकर पुत्र स्व. फून्नू सोनकर (55) अपने साथ लकड़ी का काम करने वाले मुकेश पंडा निवासी गोपालपुर, गुजारा शुक्ला पुत्र भगवानदीन शुक्ला निवासी नौगांव तथा चरन निवासी असनी के साथ था। इसी दौरान चारों के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई।
मारपीट के दौरान राजा सोनकर के पेट के दाहिने हिस्से में किसी धारदार हथियार से चोट लग गई। घायल को उसके बहनोई प्रेम प्रकाश सोनकर पुत्र स्व. रामदास सोनकर निवासी महादेवपुर उपचार के लिए सीएचसी हुसैनगंज ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर राजा सोनकर के साथ लूटपाट किए जाने की खबर वायरल हुई। पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो अब तक की जांच में लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार वायरल की जा रही लूट की सूचना प्रथम दृष्टया असत्य पाई गई है। घायल लकड़ी ठेकेदार राजा सोनकर की दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी की शादी अभी होनी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!