
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर करीब दो वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर दवा देकर गर्भपात कराने तथा परिवार के विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हुसैनगंज पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हसऊपुर निवासी रमाकान्त ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री के साथ सवंत गांव निवासी विमल उर्फ कल्लू करीब दो वर्ष से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोप है कि करीब छह माह पहले किशोरी गर्भवती हो गई थी, जिसके बाद अभियुक्त ने दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। परिवार द्वारा शादी की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर हुसैनगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 255/2026 के तहत धारा 65(1), 89, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस तथा धारा 3/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुकदमे में वांछित अभियुक्त विमल उर्फ कल्लू पुत्र घूरेलाल प्रजापति, निवासी ग्राम सवंत, थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।



