
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
सीसीटीवी फुटेज दोबारा खंगाले, जल्द खुलासे का दिया आश्वासन।
हुसैनगंज कस्बे में कय्यूम हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा तथा हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय सहित भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी जुटाई और जांच की प्रगति का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने मामले में संदेह के घेरे में आए कमलेश के परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस टीम मृतक कय्यूम के घर पहुंची, जहां उसकी बहन, माता-पिता से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित सुरागों के बारे में जानकारी जुटाई।
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दोबारा खंगाली। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का अनावरण किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।


