
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फतेहपुर में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर जनता को गुमराह करने और देश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। मौर्य ने कहा कि जनता द्वारा नकारे गए विपक्षी नेता अब राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए विभिन्न मुद्दों के जरिए देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पीडीए के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर तंज कसते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली है।” उन्होंने अखिलेश यादव को सपा सरकार के कार्यकाल का हिसाब देने की चुनौती दी। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने एक मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाकर नाम बदल दिया गया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के नाम और सम्मान की रक्षा नहीं कर पाने वाले दलितों और पिछड़ों के सच्चे हितैषी होने का दावा नहीं कर सकते।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वे विदेशी ताकतों के इशारे पर देश का माहौल खराब करने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनों के माध्यम से राष्ट्रीय वातावरण को प्रभावित करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। मौर्य ने दावा किया कि ऐसी राजनीतिक रणनीतियों से न तो राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन पाएंगे और न ही अखिलेश यादव दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकेंगे।
इस्तीफे की मांगों को बताया बकवास
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भारत के मुख्य न्यायाधीश के इस्तीफे की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने इन्हें बकवास करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की मांगों के पीछे देश की प्रगति से चिंतित विदेशी ताकतों की साजिश हो सकती है। मौर्य ने कहा कि भारत को अस्थिर करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी।
जनसभा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने भाजपा की नीतियों और सरकार के कामकाज का समर्थन करते हुए विपक्षी दलों की राजनीति पर सवाल उठाए।


