
आपकी खबरें न्यूज,
रायबरेली संवाददाता।
ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी परियोजना में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की यूनिट-5 में सैकड़ों टन कोयले से भरा बंकर अचानक टूटकर गिर गया। बंकर गिरने से परिसर में धूल और मलबा फैल गया। इस दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे के समय यूनिट-5 पहले से बंद थी, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में बंकर की पुरानी संरचना और उस पर अत्यधिक भार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एनटीपीसी के अधिकारी, सुरक्षा दल और अग्निशमन टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने और बिजली उत्पादन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक बंकर से कोयले की आपूर्ति शुरू कराई गई।
प्रबंधन के अनुसार, बंद पड़ी यूनिट-5 को सोमवार रात 11 बजे ही दोबारा चालू कर दिया गया। वहीं, क्षतिग्रस्त बंकर की मरम्मत का काम सोमवार सुबह से जारी है।
एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया कुमारी ने बताया कि यांत्रिक खराबी को ठीक कर लिया गया है। बिजली का उत्पादन मांग के अनुरूप किया जा रहा है।


