

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-335 पर चंदीपुर और सरैला गांव के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत के मामले को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गंभीरता से लिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और हादसे के संबंध में पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
गौरतलब है कि बुधवार को ट्रेलर और बाइक की जोरदार टक्कर में असनी गांव निवासी शबनम (35), उनकी पुत्री इलमा (16) और सौरभ मौर्य (22) की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। घटना के बाद पुलिस और हाईवे टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं आवश्यक कार्रवाई की थी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने और फरार ट्रेलर चालक की तलाश में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
