
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिनदहाड़े हरे-भरे पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है। ताजा मामला क्षेत्र में एक हरे पीपल के पेड़ की अवैध कटान का सामने आया है। नियमों को ताक पर रखकर किए गए इस कटान से स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के पदाधिकारी और सदस्य मौके पर पहुंच गए। सदस्यों ने सक्रियता दिखाते हुए काटे गए पीपल के पेड़ की लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस और वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बजरंग दल के सदस्यों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लकड़ी का अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं और जिम्मेदार विभागों की कथित अनदेखी के चलते पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कुछ लोगों ने पुलिस और वन विभाग की मिलीभगत की आशंका भी जताई है, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब सवाल यह उठता है कि जब दिनदहाड़े हरे पेड़ों का अवैध कटान किया जा रहा है और इसकी सूचना भी संबंधित विभागों को दी जा रही है, तो जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई क्यों नहीं करते? स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान पर रोक लगाने की मांग की है।
इस मामले में क्षेत्रीय वन दरोगा रितेश तिवारी से बात की गई तो उनका कहना था कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है उक्त विषय पर जांच कर ठेकेदारों के ऊपर कारवाई की जाएगी।

