आपसी विवाद खत्म, मिठाई खिलाकर किन्नरों ने पेश की भाईचारे की मिसाल

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज क्षेत्र में लंबे समय से किन्नर संतोष उर्फ काली घटा और कोमल रानी के बीच चल रहे आपसी विवाद का गुरुवार को सौहार्दपूर्ण माहौल में पटाक्षेप हो गया। विवाद को समाप्त कराने के लिए शिव शक्ति अखाड़ा (निरंजनी) के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने पहल की। गुरुवार को शाम तक चली लंबी बैठक में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर आपसी सहमति बनाई गई।
बैठक में संतोष उर्फ काली घटा ने अपनी शर्त रखते हुए कहा कि कोमल रानी उनके साथ बधाई मांगने जा सकती हैं, लेकिन जजमान की ओर से जो भी खुशी से दिया जाएगा, उसी में संतोष करना होगा। किसी भी जजमान के साथ अभद्रता या अपशब्दों का प्रयोग कर उसे परेशान नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोमल रानी उनके घर में साथ नहीं रहेंगी, बल्कि अलग कमरा लेकर स्वतंत्र रूप से रह सकती हैं।
लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने पुराने मनमुटाव और विवाद को समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस पहल से क्षेत्र में लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।
इस दौरान शिव शक्ति अखाड़ा निरंजनी के प्रांत गौ रक्षा प्रमुख नरेंद्र हिंदू सहित अखाड़े के कई पदाधिकारी और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। अखाड़े के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

error: Content is protected !!