शॉर्ट सर्किट से क्रॉकरी की दुकान में लगी भीषण आग, पांच लाख का सामान जलकर राख

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह चौकी कस्बे में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से रामराज क्रॉकरी हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखा प्लास्टिक, कांच और फाइबर का सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें उठती देख कस्बे में अफरा-तफरी मच गई।
दुकान के प्रोपराइटर रोहित प्रजापति पुत्र रामराज प्रजापति निवासी शाह के अनुसार, दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर समरसेबल पंप और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दुकान में आग लगने से कस्बे के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

error: Content is protected !!